Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 14 मार्च । कोतवाली चंदपा क्षेत्र के अंतर्गत गांव बिसाना के निकट बीती रात करीब एक बजे कार और ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच आमने-सामने की भीषण भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के पहिए निकल गए और वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि हादसे के वक्त कार के एयरबैग खुल गए, जिससे सवार तीनों लोगों की जान बाल-बाल बच गई। जानकारी के अनुसार, आगरा निवासी खेमचंद्र, सत्येंद्र और राम श्री कार द्वारा हाथरस से आगरा की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार बिसाना के पास पहुँची, तभी सादाबाद की दिशा से आलू खाली कर लौट रहे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते राहगीरों व ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही चंदपा कोतवाली के उप-निरीक्षक हरिमोहन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे। पुलिस ने तत्काल सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। हादसे के कारण सड़क पर यातायात बाधित हो गया था, जिसे पुलिस ने क्रेन बुलाकर दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर पुनः सुचारू कराया। अंधेरे का फायदा उठाकर ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। चंदपा कोतवाली प्रभारी श्याम सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर और कार दोनों को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। अभी तक पीड़ित पक्ष की ओर से कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर फरार चालक के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page