Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 08 मार्च । जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की सुलभता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आयोजित ‘मुख्यमंत्री आरोग्य मेले’ का आज मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. राजीव रॉय ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बामोली और करील पहुंचकर उपस्थित स्टाफ, दवाओं की उपलब्धता और उपचार की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के प्रथम चरण में सीएमओ डॉ. राजीव रॉय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बामोली पहुंचे। वहां चिकित्साधिकारी डॉ. राजेश उपाध्याय, फार्मासिस्ट यतेंद्र पाठक और अन्य स्टाफ मुस्तैद मिला। निरीक्षण के समय तक 3 मरीजों का उपचार किया जा चुका था। अस्पताल में बेड और लेबर रूम की स्थिति बेहतर पाई गई। दवाइयों की समीक्षा के दौरान पाया गया कि ई.डी.एल. (EDL) की 195 दवाओं के सापेक्ष 174 प्रकार की दवाएं उपलब्ध हैं। सीएमओ ने फार्मासिस्ट को दवाइयों का ‘डेली कंजप्शन रजिस्टर’ अनिवार्य रूप से बनाने के निर्देश दिए। इसके उपरांत मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र करील का निरीक्षण किया। वहां फार्मासिस्ट मुकेश कुमार और स्टाफ नर्स देवदत्त उपस्थित मिले, जबकि 5 मरीजों का पंजीकरण हो चुका था। यहां दवाओं की उपलब्धता ई.डी.एल. के सापेक्ष कम (100 प्रकार की) पाए जाने पर सीएमओ ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने फार्मासिस्ट को तत्काल दवाओं का स्टॉक पूर्ण करने और केंद्र पर प्रकाश (लाइट) की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने स्पष्ट किया कि आरोग्य मेले का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए और स्वास्थ्य केंद्रों पर बुनियादी सुविधाओं में कोई ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page