
हाथरस 13 अप्रैल । जनपद में विकास कार्यों को गति देने और मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर जिले की रैंकिंग सुधारने के उद्देश्य से मुख्य विकास अधिकारी (CDO) पी.एन. दीक्षित की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीडीओ ने विभिन्न विभागों की योजनाओं और कार्यक्रमों की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि मुख्यमंत्री डैशबोर्ड शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके माध्यम से प्रदेश स्तर पर निरंतर मॉनिटरिंग की जाती है। किसी भी विभाग की खराब रैंकिंग न केवल कार्यप्रणाली में कमी को दर्शाती है, बल्कि जनपद की समग्र छवि पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालती है।
मुख्य विकास अधिकारी ने कम रैंकिंग वाले विभागों को सख्त निर्देश दिए कि वे अपनी योजनाओं की दैनिक और साप्ताहिक समीक्षा करें तथा लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराएं। उन्होंने डेटा फीडिंग पर विशेष जोर देते हुए कहा कि डैशबोर्ड पर आंकड़ों का शत-प्रतिशत और त्रुटिरहित अपडेट सुनिश्चित किया जाए; फीडिंग में किसी भी प्रकार की लापरवाही या डेटा में त्रुटि पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय कर कठोर कार्यवाही की जाएगी। सीडीओ ने अधिकारियों को फील्ड स्तर पर नियमित निरीक्षण करने और पात्र लाभार्थियों तक पारदर्शिता के साथ लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला विकास अधिकारी सहित सभी जनपदीय अधिकारी उपस्थित रहे।





















