
हाथरस 08 मार्च । डिब्बा गली स्थित आंधीवाल पैलेस में आज वार्ष्णेय पैंशनर्स समिति का ‘दशम होली मिलन समारोह’ अत्यंत धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर समाज के वरिष्ठ नागरिकों ने एक-दूसरे को गले लगाकर होली की बधाई दी और आपसी प्रेम व सौहार्द का संदेश दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ कुल प्रवर्तक अकूर महाराज के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। समिति के अध्यक्ष रमेश मधुर, सत्यदेव गुप्ता, विनोद चन्द्र गुप्ता, मुकेश गुप्ता, मनोज गुप्ता एवं कुसुम लता वार्ष्णेय ने संयुक्त रूप से दीप जलाया। समारोह की शुरुआत वीना एडवोकेट द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना से हुई। इस दौरान लक्ष्मी चन्द्र वार्ष्णेय एवं सत्यप्रकाश गुप्ता ने सभी सदस्यों को चंदन लगाकर और पुष्प वर्षा कर अभिनंदन किया। समिति के नए सदस्यों मनोज कुमार वार्ष्णेय, मुकेश कुमार गुप्ता एवं कुसुम लता वार्ष्णेय का पुष्पहार पहनाकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम के दौरान ‘मनोज भजन मंडली’ द्वारा प्रस्तुत भजनों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। भजनों की धुन पर पैंशनर्स का उत्साह देखते ही बनता था, जहाँ कई सदस्य नृत्य करने से खुद को रोक नहीं पाए। समारोह के मुख्य अतिथि राजीव आंधीवाल का समिति द्वारा भव्य स्वागत किया गया। अपने संबोधन में श्री आंधीवाल ने समाज के हर कार्य में अपना पूर्ण सहयोग प्रदान करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता रमेश मधुर ने की, जबकि सफल संचालन अशोक कुमार गुप्ता द्वारा किया गया। इस अवसर पर हजारी लाल गुप्ता, बाल किशन, इं. ओ.पी. गुप्ता, दिनेश चन्द्र गुप्ता, विष्णु कुमार गुप्ता, स्वतंत्र कुमार गुप्ता, प्रदीप कुमार वार्ष्णेय, वीरेन्द्र कुमार वार्ष्णेय, राजकिशोर गुप्ता, भगवान स्वरूप गुप्ता, जगदीश चन्द्र गुप्ता, कृष्ण लाल गुप्ता, अनिल कुमार गुप्ता, राधेश्याम हिमांशू, सतीश चन्द्र गुप्ता, उमेश चन्द्र गुप्ता, डॉ. मिथलेश वार्ष्णेय, सुनीता वार्ष्णेय एवं पंकज गुप्ता सहित समिति के अनेक पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।



































