
सिकंदराराऊ (हसायन) 03 मार्च । जयपुर-बरेली राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। तेज रफ्तार रोडवेज बस ने बाइक को सामने से टक्कर मार दी, जिससे युवक की मौके पर ही जान चली गई। त्योहार के दिन हुई इस मौत से गांव नगला मियां पट्टी देवरी में शोक की लहर दौड़ गई है।
सामान खरीदकर घर लौट रहा था युवक
नगला मियां पट्टी देवरी निवासी छोटेलाल रावल (32 वर्ष) पुत्र नेकसेलाल रावल पेशे से ट्रक चालक था, लेकिन होली के कारण इन दिनों गांव में ही रहकर मजदूरी कर रहा था। मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे वह हाथरस शहर से होली का सामान खरीदकर बाइक से वापस अपने गांव लौट रहा था। जैसे ही वह गांव बस्तोई के पास पहुंचा, सिकंदराराऊ की ओर से आ रही एक रोडवेज बस ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि छोटेलाल उछलकर काफी दूर जा गिरा और उसकी तत्काल मौत हो गई।
चालक फरार, परिजनों का बुरा हाल
हादसे के बाद राहगीरों ने रोडवेज बस को तो पकड़ लिया, लेकिन चालक सवारियों को छोड़कर मौके से भागने में सफल रहा। सूचना मिलते ही सलेमपुर चौकी और हसायन कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। वहीं, घटना स्थल पर पहुंचे मृतक के परिजनों का करुण क्रंदन देख हर किसी की आंखें नम हो गईं। छोटेलाल अपने पीछे पत्नी और तीन बच्चों (दो पुत्र, एक पुत्री) को रोता-बिलखता छोड़ गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।






































