सिकंदराराऊ 10 फरवरी । रेलवे रोड स्थित एक स्कूल के प्रिंसिपल संजीव कुमार ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर अपने ही मोहल्ले के कुछ लोगों पर मारपीट, अभद्रता और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित प्रिंसिपल अपनी पत्नी हेमलता के साथ 9 तारीख की रात थाने पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। प्रिंसिपल संजीव कुमार के अनुसार, 6 फरवरी को उनके स्कूल में प्रस्तावित फेयरवेल पार्टी किसी कारणवश स्थगित कर दी गई थी। कार्यक्रम निरस्त होने के बाद जब छात्र-छात्राएं घर लौट रहे थे, उसी दौरान एक युवक अपने दो-तीन साथियों के साथ स्कूल गेट के पास खड़ा होकर अनावश्यक रूप से माहौल बिगाड़ रहा था। जब प्रिंसिपल ने युवकों से वहां खड़े होने का कारण पूछा और विरोध किया, तो युवक गाली-गलौज करते हुए मौके से भाग गया। पीड़ित ने बताया कि कुछ दिन बाद वह अपनी पत्नी और छोटे बच्चे के साथ सिकंद्राराऊ के दमदपुरा क्षेत्र में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे, जहां वही युवक अपने परिजनों के साथ मौजूद मिला। आरोप है कि युवक और उसके परिजनों ने मोहल्ला और घर का हवाला देते हुए दंपति व उनके बच्चे के साथ अभद्रता की और मारपीट शुरू कर दी। घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पीड़ित का आरोप है कि इस दौरान एक लेखपाल ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए पुलिस के साथ भी अभद्रता की और प्रशासनिक दबाव का हवाला देकर प्रिंसिपल को धमकाया। आरोप है कि लेखपाल ने कहा कि “तुझे न यहां रहने देंगे और न ही नौकरी करने देंगे।” पीड़ित प्रिंसिपल ने पूरे मामले में पुलिस और प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही थी।

















