
हाथरस 13 अप्रैल । पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा द्वारा जनपद में जुआ और सट्टे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना कोतवाली नगर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी नगर के निकट पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र सिंह राघव की टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए मुरसान गेट रोड स्थित एक पान की दुकान से दो अभियुक्तों को हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेलते हुए गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की पहचान पंकज गुप्ता पुत्र पुरुषोत्तम दास (निवासी विजय नगर) और शरीफ पुत्र अल्लानूर (निवासी लाला का नगला) के रूप में हुई है।
पुलिस टीम ने अभियुक्तों के कब्जे से कुल 1550 रुपये की नगदी और ताश की गड्डी बरामद की है। इस कार्रवाई के संबंध में थाना कोतवाली नगर पर अभियुक्तों के विरुद्ध मु.अ.सं. 150/2026 धारा 13 (जुआ अधिनियम) के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस द्वारा अभियुक्तों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। इस सफल गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र सिंह राघव के साथ उनकी पुलिस टीम के सदस्य शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र के सट्टेबाजों और जुआरियों में खलबली मची हुई है।





















