
हाथरस 10 मार्च । भगवान परशुराम जी महाराज की भव्य शोभायात्रा को सफल बनाने के लिए तैयारी जोर-शोर से शुरू हो गई है। इसी क्रम में, जिला हाथरस टेंट, लाइट, कैटर्स, फूल एवं साउंड व्यापारी एसोसिएशन के कार्यालय, बागला कॉलेज रोड स्थित राधा कृष्ण टेंट हाउस पर एक विशेष बैठक का आयोजन किया गया। यहाँ शोभायात्रा के निमंत्रण के साथ पदाधिकारियों का सम्मान समारोह संपन्न हुआ। शोभायात्रा के अध्यक्ष पंडित योगेंद्र शर्मा (योगा पंडित) का एसोसिएशन के पदाधिकारियों द्वारा पटका पहनाकर स्वागत किया गया। इसके बाद अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा ने एसोसिएशन के प्रदेश मंत्री व जिला अध्यक्ष अवधेश पंडा, प्रदेश संगठन मंत्री व जिला कोषाध्यक्ष पंडित शीलेंद्र कुमार शर्मा और जिला संगठन मंत्री मुरारी लाल पचौरी को दुपट्टा पहनाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर सभी अतिथियों को भगवान परशुराम जी महाराज की सुंदर छवि वाली तस्वीर भेंट की गई।
विप्र समाज ने दिया सहयोग का भरोसा
अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा ने एसोसिएशन के सभी सदस्यों को 19 मार्च को निकलने वाली विशाल शोभायात्रा में सपरिवार और पूरी गरिमा के साथ सम्मिलित होने का निमंत्रण दिया। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने विश्वास दिलाया कि वे शोभायात्रा की सफलता में पूर्ण सहयोग करेंगे। उन्होंने बाजार में विप्र समाज के गणमान्य नागरिकों से परिचय कराते हुए शोभायात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का संकल्प लिया और सहयोग राशि भी अर्पित की।
ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर मुख्य रूप से शिवशंकर शर्मा, दामोदर शर्मा, राजीव उपाध्याय, सुनील शर्मा, शीलेंद्र कुमार शर्मा, मुरारी लाल पचौरी, हरिमोहन पाठक, अरुण भारद्वाज, प्रदीप मोहन पाठक, अवधेश पंडा सहित समाज के अनेक प्रबुद्ध जन और व्यापारी बंधु मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में भगवान परशुराम जी की शोभायात्रा को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया।
























