
हाथरस 17 मार्च । थाना हाथरस गेट क्षेत्र के अंतर्गत महादेव कॉलोनी में बीती रात एक अज्ञात चोर ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर अज्ञात चोर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। महादेव कॉलोनी निवासी पीड़ित मनोज प्रताप ने थाने में दी तहरीर में बताया कि बीती रात अज्ञात चोर ने उनके मकान में प्रवेश किया। चोर ने घर में रखे कीमती आभूषणों में दो सोने की अंगूठी, एक चेन, एक मंगलसूत्र, एक ‘ओउम’ लिखा सोने का ठप्पा, एक जोड़ी टॉप्स और एक जोड़ी झाले चोरी कर लिए। इसके अलावा चोर दो जोड़ी चांदी की पायल और दो हजार रुपये नकद समेत पर्स भी ले उड़ा। चोरी की भनक लगते ही पीड़ित ने तत्काल मोबाइल से डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और पीड़ित से घटना की विस्तृत जानकारी ली। हाथरस गेट पुलिस ने पीड़ित मनोज प्रताप की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया है और चोरों की तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

























