
हाथरस 16 मार्च । चंदपा कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव गुमानपुरा के प्रधान पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी योगेंद्र पुत्र कालीचरण काफी समय से न्यायालय से जुड़े एक मामले में फरार चल रहा था। बार-बार समन भेजने के बावजूद कोर्ट में हाजिर न होने पर न्यायालय ने उसके खिलाफ वारंट और कुर्की का नोटिस जारी किया था। सोमवार को चंदपा कोतवाली के सब-इंस्पेक्टर संतोष कुमार अपनी टीम के साथ वारंटी योगेंद्र के घर कुर्की नोटिस चस्पा करने पहुंचे थे। पुलिस की टीम जैसे ही आरोपी के घर पहुंची, संयोगवश वारंटी योगेंद्र वहीं मौजूद मिल गया। पुलिस ने उसे तत्काल हिरासत में ले लिया। आरोपी योगेंद्र गांव की वर्तमान ग्राम प्रधान का पति है। वह लंबे समय से फरार चल रहा था, जिसके कारण उसके खिलाफ न्यायालय ने सख्त रुख अपनाते हुए कुर्की के आदेश जारी किए थे। पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए जाने के बाद सोमवार को उसे भारी सुरक्षा के बीच न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहाँ से न्यायाधीश ने उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया। इस गिरफ्तारी के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है। पुलिस की इस कार्रवाई से अन्य फरार वारंटियों में भी हड़कंप मच गया है।

























