
हाथरस 08 अप्रैल । जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में आगामी 9 मई को दीवानी न्यायालय परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। जनपद न्यायाधीश व अध्यक्ष विनय कुमार-III ने बताया कि इस लोक अदालत में आपसी सुलह-समझौते के आधार पर लंबित मुकदमों का निस्तारण कर पक्षकारों को त्वरित न्याय प्रदान किया जाएगा। उन्होंने सभी विभागों को इस आयोजन में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए आम जनता से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है। अपर जनपद न्यायाधीश एवं सचिव अनु चौधरी के अनुसार, लोक अदालत में बैंक वसूली, चेक बाउंस, मोटर दुर्घटना प्रतिकर, पारिवारिक विवाद, सिविल वाद, राजस्व, श्रम और विद्युत अधिनियम से जुड़े मामलों का निस्तारण होगा। इसके साथ ही पुलिस व मोटर यान अधिनियम के अंतर्गत चालान, मनरेगा, जलकर, गृहकर, राशन कार्ड और जाति-आय प्रमाण पत्र से संबंधित प्रकरणों को भी मौके पर सुलझाया जाएगा। मुकदमों के बोझ से मुक्ति पाने के लिए यह एक प्रभावी मंच साबित होगा।

























