Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 03 मार्च । कस्बा सहित आसपास के क्षेत्रों में सोमवार देर शाम करीब 8:30 बजे विधि-विधान के साथ होलिका दहन किया गया। शुभ मुहूर्त में अग्नि प्रज्वलित होते ही पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। होलिका दहन स्थलों पर बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष एकत्रित हुए। उन्होंने पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। परंपरा के अनुसार, होलिका दहन के बाद लोगों ने पवित्र अग्नि अपने घरों में ले जाकर आंगन में छोटी होली जलाई। घर-घर में श्रद्धापूर्वक होलिका की परिक्रमा की गई और जौ अर्पित किए गए। मान्यता है कि होलिका की अग्नि में जौ अर्पित करने से घर में सुख-शांति और समृद्धि आती है। कस्बे के विभिन्न मोहल्लों और चौराहों पर स्थापित होलिकाओं के आसपास शाम से ही भीड़ जुटने लगी थी। महिलाओं ने मंगलगीत गाए, जबकि बच्चों और युवाओं में खासा उत्साह देखा गया। होलिका दहन के उपरांत लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर होली की शुभकामनाएं दीं और आपसी भाईचारे का संदेश दिया। कई स्थानों पर जौ भूनकर प्रसाद के रूप में वितरित किए गए। बुजुर्गों ने नई पीढ़ी को होलिका दहन की धार्मिक मान्यताओं और परंपराओं के बारे में जानकारी दी। प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जिससे यह पर्व शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सका। होलिका दहन के साथ ही रंगों के त्योहार होली की शुरुआत हो गई है, जिसे लेकर लोगों में उत्साह बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page