सिकंदराराऊ (हसायन) 24 मार्च । कोतवाली क्षेत्र में इन दिनों चोरों के हौसले बुलंद हैं और वे लगातार धार्मिक स्थलों को अपना निशाना बना रहे हैं। ताजा मामला ग्राम नगला आल का है, जहाँ सोमवार की रात अज्ञात चोरों ने महामाई माँ भगवती मंदिर से पीतल के कई घंटे पार कर दिए। मंगलवार सुबह जब ग्रामीण दुर्गपाल सिंह, कुशलपाल सिंह और महिला कमलेश देवी मंदिर की सफाई करने पहुँचे, तो उन्हें गेट खुला मिला और मंदिर के भीतर से कीमती घंटे गायब थे। ग्रामीणों के अनुसार इस मंदिर को चोरों ने दूसरी बार निशाना बनाया है।
हैरानी की बात यह है कि क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों में हो रही इन चोरियों पर पुलिस का रवैया उदासीन बना हुआ है। ग्राम नगला अडू के उदयपाल सिंह ने आरोप लगाया कि 7 मार्च को उनके खेत स्थित मंदिर से 55 किलो वजन के घंटे चोरी हुए थे, जिसकी शिकायत उन्होंने जनसुनवाई पोर्टल पर की थी। आरोप है कि सलेमपुर चौकी प्रभारी ने किसी अन्य गांव के व्यक्ति को गवाह बनाकर और फर्जी तरीके से रिपोर्ट लगाकर शिकायत को बंद कर दिया। वहीं, हसायन-कोंडरा मार्ग स्थित प्राचीन श्यामपुर वाली माता के मंदिर से भी एक माह पूर्व 95 किलो वजन के 8 घंटे चोरी हुए थे। मंदिर के पुजारी का कहना है कि लिखित तहरीर देने के बावजूद पुलिस ने अब तक मुकदमा दर्ज नहीं किया है, बल्कि छोटे-छोटे घंटे लगाकर मामले में खानापूर्ति कर दी गई है। लगातार हो रही इन वारदातों से श्रद्धालुओं और ग्रामीणों में पुलिस प्रशासन के प्रति गहरा असंतोष व्याप्त है।


























