
हाथरस/सादाबाद 12 दिसंबर । प्रतिभा किसी परिचय की मोहताज नहीं होती और ग्रामीण अंचल के बच्चों ने इसे एक बार फिर साबित कर दिखाया है। समाजवादी पार्टी के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी राम नारायण काके ने ग्राम खोडा हजारी पहुँचकर रजक समाज का मान बढ़ाने वालीं रेशम रश्मि दिवाकर को पीसीएस (PCS) परीक्षा उत्तीर्ण करने और अवनीश दिवाकर को लोको पायलट बनने पर भव्य रूप से सम्मानित किया। सपा नेता ने दोनों मेधावियों को गुलदस्ता भेंट किया और भगवान श्री कृष्ण की मनमोहक तस्वीर भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर राम नारायण काके ने कहा कि रेशम और अवनीश ने न केवल अपने परिवार और समाज का, बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। ये दोनों बच्चे अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा के स्रोत हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि कठिन परिश्रम और लगन से किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है। शुभकामनाएं देने वालों में मुख्य रूप से डॉ. राधेश्याम रजक, मास्टर अजय पाल, प्रेम सिंह दिवाकर, नरेश कुमार दिवाकर, सुनील कुमार, राजेंद्र प्रसाद (पूर्व सभासद), दिनेश कुमार, रामनिवास, धनीराम, ओमवीर सिंह (इंस्पेक्टर) सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में होनहारों की सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई दी।

























