
हाथरस 26 मार्च । जनपद के थाना चंदपा क्षेत्र के अंतर्गत एक गांव में युवती के साथ छेड़छाड़ और उसके बुजुर्ग पिता व भाई के साथ मारपीट करने वाले छह आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक (एसपी) चिरंजीव नाथ सिन्हा के कड़े आदेश के बाद अमल में लाई गई है। पीड़िता का आरोप है कि स्थानीय पुलिस द्वारा सुनवाई न किए जाने के बाद उसे न्याय के लिए जिला मुख्यालय की शरण लेनी पड़ी।
अश्लील इशारों से शुरू हुआ विवाद
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता अपने बुजुर्ग माता-पिता के साथ गांव में रहती है, जबकि उसके भाई बाहर नौकरी करते हैं। आरोप है कि गांव का ही युवक गजेंद्र आए दिन युवती के साथ अश्लील बातें और गलत इशारे करता था। घटना 13 मार्च की है, जब युवती अपने घेर (पशुशाला) पर पशुओं के लिए चारा लेकर जा रही थी, तभी गजेंद्र ने उसे दबोच लिया और उसके साथ छेड़छाड़ की। युवती ने किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाई और घर जाकर परिजनों को आपबीती सुनाई।
शिकायत करने गए पिता-पुत्र को पीटा
जब युवती के पिता और भाई शिकायत लेकर आरोपी गजेंद्र के घर पहुंचे, तो वहां मौजूद गजेंद्र, सत्यप्रकाश, शंकर लाल, रचना, मुन्नी और नितिन ने मिलकर उन पर हमला बोल दिया। दबंगों ने पिता-पुत्र को बेरहमी से पीटा, जिससे युवती के भाई का दांत टूट गया और पिता को भी गंभीर चोटें आईं। पीड़िता का आरोप है कि घायल अवस्था में जब वे चंदपा कोतवाली पहुंचे, तो पुलिस ने उनकी कोई सुनवाई नहीं की।
एसपी के निर्देश पर सक्रिय हुई पुलिस
न्याय न मिलने पर पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से मिलकर आपबीती सुनाई, जिसके बाद एसपी ने तत्काल मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए। चंदपा कोतवाली प्रभारी श्याम सिंह ने बताया कि एसपी के आदेश पर छह नामजद आरोपियों के खिलाफ छेड़छाड़ और मारपीट सहित सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण (मेडिकल) कराने के साथ ही उसके बयान भी दर्ज कर लिए गए हैं। पुलिस अब आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।

























