Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 05 मार्च । जिलाधिकारी अतुल वत्स ने आगामी 7 मार्च को आयोजित होने वाली ‘जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति’ (दिशा) की बैठक के दृष्टिगत कलेक्ट्रेट सभागार में विभागीय योजनाओं की गहन समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि बैठक में प्रस्तुत की जाने वाली सभी सूचनाएं पूर्ण, अद्यतन और तथ्यात्मक होनी चाहिए। किसी भी प्रकार की शिथिलता या अधूरी जानकारी मिलने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की जाएगी।

योजनाओं की बिंदुवार हुई पड़ताल

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने केंद्र व राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति जानी। उन्होंने विशेष रूप से पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, विकसित भारत रोजगार व आजीविका गारंटी मिशन (ग्रामीण), प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी व ग्रामीण) और स्वच्छ भारत मिशन की वर्तमान स्थिति पर चर्चा की। डीएम ने निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों और स्वरोजगार परक योजनाओं को गुणवत्ता के साथ समय सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए ताकि इनका लाभ सीधे आम जनता तक पहुँच सके।

स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष फोकस

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने चिकित्सकों की उपस्थिति, दवाओं की उपलब्धता और एम्बुलेंस सेवाओं की स्थिति को परखा। उन्होंने जननी सुरक्षा योजना, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम और क्षयरोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत वित्तीय एवं भौतिक प्रगति को समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही डिजिटल भारत भू-अभिलेख और विद्युत विकास योजनाओं की भी समीक्षा की गई।

अधिकारियों की रही मौजूदगी

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी (CDO), मुख्य चिकित्साधिकारी (CMO), जिला विकास अधिकारी (DDO), परियोजना निदेशक (PD) सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी, अधिशासी अभियंता और नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी मुख्य रूप से मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page