
मथुरा 12 अक्टूबर । संत प्रेमानंद महाराज की एक झलक पाने के लिए हमेशा अनुयायी उत्सुक रहते हैं। उनकी प्रसिद्धि इतनी बढ़ चुकी है कि सोशल मीडिया से लेकर आश्रम तक उनके भक्तों की भीड़ दिखाई देती है। कई दिनों से स्थगित पदयात्रा के पुनः शुरू होने का इंतजार कर रहे अनुयायियों के लिए यह खुशखबरी रविवार सुबह आई। महाराज लगभग सुबह तीन बजे आश्रम से बाहर निकले और पैदल परिक्रमा मार्ग की ओर रवाना हुए। जैसे ही महाराज परिक्रमा मार्ग में पहुंचे, लोगों ने उन्हें देखकर राधा नाम का जयकारा लगाया और प्रणाम किया। संत प्रेमानंद महाराज ने सभी का अभिवादन स्वीकार किया और अनुयायियों को आशीर्वाद दिया। मार्ग के दोनों ओर खड़े लोगों ने महाराज की छवि और यात्रा को मोबाइल में कैद किया, वहीं महाराज ने एकांतिक वार्तालाप भी जारी रखा। पिछले दिनों आश्रम की ओर से सोशल मीडिया पर यह जानकारी जारी हुई थी कि स्वास्थ्य कारणों से पदयात्रा कुछ दिन स्थगित रहेगी, लेकिन इस दौरान एकांतिक वार्तालाप जारी रही। फर्जी और पुरानी वीडियो के कारण अनुयायियों में चिंता पैदा हुई थी। महाराज ने अपने स्वस्थ होने की जानकारी दी, जिससे सभी अनुयायियों को चैन मिला। गौरतलब है कि संत प्रेमानंद महाराज को किडनी की परेशानी है। उनका इलाज सिम्स हॉस्पिटल के डॉ. आशीष शर्मा द्वारा किया जाता रहा है। 2006 में पेट में दर्द के बाद चिकित्सकों ने उन्हें किडनी खराब होने की जानकारी दी थी।










