
हाथरस 01 अक्टूबर । चन्दपा क्षेत्र के गांव पैकवाड़ा निवासी अमरनाथ अग्निहोत्री ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर थाना चन्दपा के उप निरीक्षक पर प्रधानमंत्री के प्रति अशोभनीय भाषा प्रयोग का आरोप लगाया है। अमरनाथ अग्निहोत्री भारतीय जनता पार्टी के बूथ अध्यक्ष हैं। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत में हो रहे भ्रष्टाचार की शिकायत जिलाधिकारी से की थी। 26 सितंबर को जिलाधिकारी द्वारा गठित जांच समिति ग्राम पंचायत के कार्यवाहक प्रधान की जांच कर रही थी। इस दौरान उप निरीक्षक ने कथित रूप से प्रधानमंत्री पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। इस घटना का वीडियो भी उपलब्ध है। इस मामले का संज्ञान लेते हुए एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा ने उप निरीक्षक को लाइन हाजिर कर दिया है और आगे की कार्रवाई की जाएगी।














