
सादाबाद 23 दिसम्बर । भारतीय किसान यूनियन चौधरी चरण सिंह ने संगठन के गठन का एक वर्ष पूरा होने और पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की जयंती पर विशाल ट्रैक्टर रैली का आयोजन किया। इसमें सैकड़ों ट्रैक्टर सहित अन्य वाहन शामिल थे। इस अवसर पर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी को 151 फुट का साफा पहनाकर सम्मानित किया गया। उन्हें प्रतीक चिन्ह और प्रमाण पत्र भी भेंट किए गए।
यह रैली भारतीय किसान यूनियन चौधरी चरण सिंह द्वारा नगर एवं देहात क्षेत्र में निकाली गई। इसमें बड़ी संख्या में किसानों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया, जिससे संगठन की एकजुटता का संदेश दिया गया। ट्रैक्टर रैली नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा स्थल पर पहुंची। यहां सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इस दौरान चौधरी चरण सिंह के विचारों और किसान हितों के लिए उनके संघर्ष को याद किया गया। कार्यक्रम के सफल समापन पर भारतीय किसान यूनियन चौधरी चरण सिंह के पदाधिकारियों मनोज उपाध्याय, प्रियांशु, अजीत सिंह और सुनीत सिंह ने राष्ट्रीय अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी को 151 फुट की पगड़ी पहनाई। उन्हें एक प्रमाण पत्र और प्रतीक चिन्ह भी प्रदान किया गया। पदाधिकारियों ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के नेतृत्व की सराहना करते हुए संगठन को मजबूत करने और किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर संघर्ष करने का संकल्प लिया। राष्ट्रीय अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी ने सभी किसानों और पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि चौधरी चरण सिंह के आदर्शों पर चलकर संगठन हमेशा किसान हितों की रक्षा के लिए तत्पर रहेगा। उन्होंने किसानों से एकजुट रहने और अपने अधिकारों के लिए संगठित होकर संघर्ष करने का आह्वान किया।













