
हाथरस (मुरसान) 05 मार्च । कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में युवती को फोन पर परेशान करने के विरोध में दो पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों ओर से हुई मारपीट में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोप है कि शिकायत करने गए पीड़ित पक्ष पर दूसरे पक्ष ने धारदार हथियार (फर्से) से हमला कर दिया। पुलिस ने सभी घायलों का उपचार अस्पताल में कराया है।
फोन पर शुरू हुआ विवाद
पीड़ित युवक ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बुधवार की शाम गांव का ही एक युवक उसकी बहन को फोन कर लगातार परेशान कर रहा था। जब इसकी जानकारी परिवार को हुई, तो युवक के दो चाचा आरोपी के घर उलाहना (शिकायत) देने पहुंचे थे। आरोप है कि बात सुनने के बजाय आरोपी पक्ष के लोगों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट पर उतारू हो गए।
बचाव में आए युवक पर फर्से से वार
पीड़ित का कहना है कि जब वह अपने दोनों चाचाओं को बचाने के लिए मौके पर पहुंचा, तो आरोपियों ने उन पर फर्से से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में युवक का हाथ गंभीर रूप से जख्मी हो गया। संघर्ष के दौरान दोनों पक्षों के कुल तीन लोग चोटिल हुए हैं। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
पुलिस की कार्यवाही
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल मुरसान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया। कोतवाली प्रभारी वीरेंद्र प्रताप गिरी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जांच के बाद दोषियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।






































