सिकंदराराऊ (हसायन) 13 जुलाई । विकासखंड हसायन क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए एक बड़ी राहत की खबर सामने आई है। आठ वर्षों से जर्जर पड़े हसायन-कानऊ-सकरा मार्ग के कायाकल्प की प्रक्रिया आखिरकार शुरू हो गई है। जर्जर सड़क पर चौड़ीकरण और निर्माण कार्य का शुभारंभ होने से क्षेत्रीय नागरिकों में उत्साह और संतोष की लहर दौड़ गई है। यह मार्ग सलेमपुर औद्योगिक क्षेत्र को आगरा और फिरोजाबाद से जोड़ता है, जिस पर भारी वाहनों की आवाजाही होती है। जर्जर अवस्था में होने के कारण इस मार्ग पर कई दुर्घटनाएं हो चुकी थीं, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश था। यहां तक कि गांव कानऊ के ग्रामीणों ने लोकसभा चुनाव का बहिष्कार भी किया था। ग्रामीणों की इस नाराजगी के बीच भाजपा शिक्षण संस्थान प्रकोष्ठ के जिला सहसंयोजक आर.पी. शर्मा और क्षेत्रीय विधायक वीरेंद्र सिंह राणा ने लगातार प्रयास करते हुए यह मामला मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक तक पहुँचाया। उनके अथक प्रयासों के परिणामस्वरूप सड़क के चौड़ीकरण व सौंदर्यीकरण की स्वीकृति प्रदान की गई। हाल ही में जब सड़क पर बरसात का पानी भर गया था, तब आक्रोशित ग्रामीणों ने गड्ढों में धान की रोपाई कर विरोध भी दर्ज कराया था। लेकिन अब कार्य प्रारंभ हो जाने से लोगों की वर्षों पुरानी मांग पूरी होती दिख रही है। शिक्षण संस्थान प्रकोष्ठ के जिला सहसंयोजक आर.पी. शर्मा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “अब जल्द ही इस मार्ग पर वाहन फर्राटा भरते नजर आएंगे। यह विकास की ओर एक बड़ा कदम है।”