
हाथरस 07 अप्रैल । हाथरस सदर कोतवाली क्षेत्र की अक्रूर कालोनी में मंगलवार शाम छह बजे बंदरों के हमले से डरकर एक युवती की छत से गिरकर मृत्यु हो गई। 18 वर्षीय शिवानी पुत्री जयप्रकाश अपने घर की छत पर खड़ी थी। तभी अचानक बंदरों के एक झुंड ने उस पर हमला कर दिया। बंदरों के अचानक हमले और उनकी घुड़की से शिवानी इतनी डर गई कि वह भागने लगी और संतुलन खोकर छत से नीचे गिर पड़ी। शिवानी को गंभीर हालत में स्वजन तुरंत जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। शिवानी अपने परिवार के साथ जलेसर रोड स्थित अक्रूर कालोनी में किराए के मकान में रहती थी। मृतक युवती के पिता जयप्रकाश एक फैक्ट्री में निजी नौकरी करते हैं। इस घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और सभी गहरे सदमे में हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से बंदरों के आतंक पर लगाम लगाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि बंदरों के हमले की घटनाएं बढ़ रही हैं और प्रशासन को इस पर ध्यान देना चाहिए।





















