Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 15 दिसंबर । उत्तर प्रदेश में ठंड अपने पूरे रंग में दिख रही है। सोमवार को प्रदेश में ठंडी पछुआ हवाओं के चलते गलन और ठिठुरन बढ़ गई। वहीं आगरा, बरेली, प्रयागराज और मुरादाबाद में घने कोहरे की वजह से दृश्यता शून्य तक पहुँच गई। आगरा में तो दोपहर तक कोहरा छाया रहा। वाराणसी, अलीगढ़ और इटावा में दृश्यता केवल 50 मीटर तक दर्ज की गई। मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए प्रयागराज, मिर्जापुर, आगरा, इटावा, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली और आसपास के जिलों में अत्यधिक घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। प्रदेश के बाकी 38 जिलों के लिए घने कोहरे का येलो अलर्ट है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक ने बताया कि हवा का रुख फिर से पछुआ हो गया है, जिससे गलन में इजाफा हुआ है। अगले दो दिनों में पछुआ की रफ्तार बढ़ेगी, पारे में गिरावट आएगी और कोहरे का प्रभाव धीरे-धीरे कम होगा। मौसम विभाग के अनुसार तापमान में 2 से 4 डिग्री तक गिरावट आ सकती है।

येलो अलर्ट वाले 38 जिले : कौशांबी, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, कानपुर देहात, कानपुर नगर, रायबरेली, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, फिरोजाबाद, मैनपुरी, औरेया, अमरोहा, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं व आसपास के इलाके।

सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए

सुबह शहर और देहात में मौसम का पहला घना कोहरा छा गया। दृश्यता बेहद कम होने के कारण जनजीवन प्रभावित रहा। सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए। हाईवे व प्रमुख मार्गों पर वाहन चालकों को लाइट जलाकर चलना पड़ा। कोहरे के चलते स्कूल जाने वाले बच्चों और दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों को खासा परेशान होना पड़ा। कोहरे का असर रेल और बस सेवाओं पर भी देखने को मिला। कई ट्रेनें अपने निर्धारित समय से देरी से पहुंचीं, जबकि रोडवेज बसों का संचालन भी सावधानी के साथ किया गया। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से धीमी गति से चलने और सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले एक-दो दिनों तक सुबह और शाम के समय कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है। हाथरस में आज दिन का तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं देर रात हाथरस का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page