
सादाबाद 26 अक्टूबर । हाथरस मार्ग स्थित भार्गव कॉलोनी में मजदूर को करंट लग गया। शनिवार देर रात एक नवीन मकान की दूसरी मंजिल का लेंटर डालने के बाद सीढ़ी खोलते समय यह हादसा हुआ। करंट लगने से मजदूर 20 फीट नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे आगरा रेफर किया गया है। ग्राम आरती निवासी उदयवीर सिंह पुत्र गोवर्धन, जो ठेकेदार का भाई बताया जा रहा है, शनिवार रात करीब 9:30 बजे लेंटर सीढ़ी खोल रहे थे। इसी दौरान सीढ़ी पर लगा गाटर हाई टेंशन लाइन से छू गया। गाटर के छूते ही उदयवीर को तेज करंट लगा। करंट लगने के कारण उदयवीर 20 फीट की ऊंचाई से जमीन पर आ गिरे। उन्हें तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें आगरा रेफर कर दिया।













































