हाथरस 28 सितंबर । महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलम्बन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक हाथरस श्री चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में “मिशन शक्ति” अभियान फेज-5 के तहत 27 सितंबर 2025 को कस्तूरवा गांधी आवासीय स्कूल, टूकसान की छात्राओं को थाना सादाबाद पर जागरूक किया गया। इस दौरान क्षेत्राधिकारी नगर श्री योगेन्द्र कृष्ण नारायन ने छात्राओं को पुलिस कार्यशैली, कानून व्यवस्था, आपराधिक अनुसंधान, यातायात नियंत्रण और साइबर सुरक्षा से संबंधित विस्तृत जानकारी दी।
छात्राओं को महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए चलाए जा रहे विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों जैसे 1930 (साइबर सुरक्षा), 1090 (वीमेन पावर लाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन), 108 (एम्बुलेंस सेवा), 112 (पुलिस आपातकालीन सेवा), 1098 (चाइल्ड लाइन) और 102 (स्वास्थ्य सेवा) के बारे में अवगत कराया गया। इसके साथ ही साइबर अपराध जैसे फ्रॉड स्कीम, .APK फाइल फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट और सोशल मीडिया पर होने वाले जोखिमों से बचने के उपायों के बारे में छात्राओं को समझाया गया। कार्यक्रम में छात्राओं का थाने का भ्रमण कराया गया और उन्हें महिला हेल्प डेस्क, एंटी रोमियो टीम तथा पुलिस द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। क्षेत्राधिकारी नगर ने छात्राओं से संवाद कर उनके सवालों का समाधान किया और महिला अधिकारों, आत्मरक्षा एवं डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। इस अभियान का उद्देश्य छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ाना, महिलाओं के अधिकारों के प्रति जानकारी देना और समाज में महिला सुरक्षा व स्वावलम्बन की भावना को मजबूत करना है।