Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 10 मार्च । मथुरा रोड पर हुई सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल वृद्ध की 10 दिन बाद उपचार के बाद मृत्यु हो गई। मंगलवार दोपहर आगरा में इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ा। इस खबर से परिवार में शोक छा गया। मंस्या निवासी 55 वर्षीय देवेंद्र सिंह पुत्र शेर सिंह 1 मार्च को अपनी मोटरसाइकिल से गेहूं पिसाने जा रहे थे। सादाबाद-मथुरा मार्ग पर उनकी बाइक की सामने से आ रही एक अन्य मोटरसाइकिल से भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि देवेंद्र सिंह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद ले गए। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए आगरा रेफर कर दिया। पिछले लगभग 10 दिनों से आगरा के एक अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। मंगलवार दोपहर उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। देवेंद्र सिंह की मृत्यु की सूचना गांव पहुंचते ही परिवार में गहरा शोक छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था और पूरे गांव में भी गम का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page