हाथरस 28 मई । राष्ट्र, धर्म और संस्कृति की प्रतीक, आदर्श शासिका पुण्यश्लोक अहिल्याबाई होलकर जी की त्रिशताब्दी जन्म स्मृति अभियान 2025 के अंतर्गत आज सेंट फ्रांसिस इंटर कॉलेज में पंचायत प्रतिनिधि सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश सरकार की महिला कल्याण, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री बेबी रानी मौर्य ने की। कार्यक्रम की शुरुआत अहिल्याबाई होलकर जी के छविचित्र पर दीप प्रज्ज्वलन और माल्यार्पण से की गई। स्कूली छात्राओं ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का भावपूर्ण स्वागत किया। मंच पर उपस्थित अतिथियों का बुके भेंट और पटका पहनाकर सम्मान किया गया।
अपने संबोधन में प्रभारी मंत्री बेबी रानी मौर्य ने अहिल्याबाई होलकर के सेवा, त्याग, नेतृत्व और महिला सशक्तिकरण के कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्हें आज के समय में भी अत्यंत प्रासंगिक बताया। उन्होंने कहा, “लोकमाता अहिल्याबाई का शासन सुशासन और जनकल्याण का आदर्श उदाहरण था। वे न केवल एक प्रभावशाली शासक थीं, बल्कि ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की भावना की जीती-जागती मिसाल भी थीं।” उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे अहिल्याबाई के पदचिन्हों पर चलते हुए सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाएं। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रधानाचार्या, सहायक अध्यापिका, सीएचओ, बीएचडब्ल्यू, पंचायत सहायक, आंगनवाड़ी कार्यकत्री और स्वयं सहायता समूह संचालिकाओं को प्रशस्ति पत्र एवं शील्ड देकर सम्मानित किया गया। साथ ही माननीय जनप्रतिनिधियों को प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मान दिया गया। कार्यक्रम का संचालन चतुर सिंह एवं मोनिका गौतम ने किया।
इस अवसर पर एमएलसी ऋषिपाल सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा उपाघ्याय, विधायक सदर अंजुला सिंह माहौर, विधायक सि0राऊ विरेन्द्र सिंह राणा, जिलाध्यक्ष शरद माहेश्वरी, ब्लाक प्रमुख मुरसान रामेश्वर उपाध्याय, प्रीति चौधरी, ब्लाक प्रमुख हाथरस पूनम पाण्डेय, ब्लाक प्रमुख हसायन, नगर पालिका अध्यक्ष हाथरस, जनप्रतिनिधि जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिंहा, मुख्य विकास अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला पंचायतराज अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी, अधिकारी-कर्मचारी आदि उपस्थित रहे।