Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 11 अप्रैल । क्षेत्र के गीगला गांव में पिता-पुत्र पुराने 5 रुपये के नोट के बदले 30 लाख रुपये मिलने के लालच में साइबर ठगी का शिकार हो गए। ठगों ने उनसे अलग-अलग किस्तों में 30 हजार रुपये ठग लिए। पीड़ितों ने इस संबंध में साइबर क्राइम ब्रांच और सादाबाद कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित पंचम सिंह ने बताया कि उनके बेटे नितिन को फेसबुक पर पुराने ट्रैक्टर वाले 5 रुपये के नोट से जुड़ा एक विज्ञापन दिखा। इसमें दावा किया गया था कि ऐसे नोट के बदले लाखों रुपये मिल सकते हैं। विज्ञापन में दिए गए नंबर पर संपर्क करने पर ठग ने 30 लाख रुपये देने का झांसा दिया। ठग ने पहले रजिस्ट्रेशन और आईडी बनाने के नाम पर 550 रुपये मांगे। नितिन ने ऑनलाइन ऐप के माध्यम से यह राशि भेज दी और अपना आधार कार्ड भी साझा किया। कुछ ही देर बाद एक फर्जी आईडी कार्ड भी बनाकर भेजा गया, जिससे पिता-पुत्र को ठग पर भरोसा हो गया। इसके बाद, ठगों ने विभिन्न बहाने बनाकर दो बार 8500-8500 रुपये और एक बार 12500 रुपये और ट्रांसफर करा लिए। जब काफी देर तक ठग का फोन रिसीव नहीं हुआ, तब उन्हें अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ। पीड़ित ने सादाबाद कोतवाली और साइबर क्राइम ब्रांच को मामले की सूचना दी है। अपराध निरीक्षक नदीम असगर ने बताया कि अज्ञात ठगों के खिलाफ मिले नंबरों को लेकर साइबर क्राइम द्वारा ऑनलाइन शिकायत दर्ज करा दी है, जो जांच में जुट गई है। साइबर ठग इन दिनों सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पुराने नोटों, सिक्कों और दुर्लभ वस्तुओं के बदले लाखों रुपये देने का लालच देकर लोगों को निशाना बना रहे हैं। पुलिस ने जनता से ऐसे किसी भी विज्ञापन या अनजान नंबर पर भरोसा न करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page