
हाथरस 01 अप्रैल । जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा रामवीर उपाध्याय ने मंगलवार को लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री आवास पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस महत्वपूर्ण मुलाकात के दौरान जनपद हाथरस के सर्वांगीण विकास से जुड़े विभिन्न अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। जिला पंचायत अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री को जनपद में सड़क निर्माण, स्वच्छ पेयजल व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और शिक्षण संस्थानों के सुदृढ़ीकरण की आवश्यकता से अवगत कराया। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से विभिन्न विकास परियोजनाओं के प्रस्ताव भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखे और उनके शीघ्र क्रियान्वयन का अनुरोध किया।
मुलाकात के दौरान सीमा रामवीर उपाध्याय ने मुख्यमंत्री को विश्वास दिलाया कि जिला पंचायत प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने के लिए पूरी तत्परता से कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुनते हुए सकारात्मक आश्वासन दिया कि हाथरस के विकास में शासन स्तर से हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रस्तावित योजनाओं पर त्वरित कार्यवाही के निर्देश देने की बात भी कही। इस अवसर पर क्षेत्रीय विकास, महिला सशक्तिकरण और रोजगार सृजन जैसे विषयों पर भी गहन मंथन हुआ। जिला पंचायत अध्यक्ष की इस पहल को हाथरस के विकास की दिशा में एक बड़ा और प्रभावी कदम माना जा रहा है।


























