Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 28 फरवरी । सिकंदराराऊ नगर क्षेत्र में एटा-अलीगढ़ हाईवे पर शुक्रवार दोपहर दर्दनाक हादसा हो गया। गांव सिकंदरपुर के पास तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क पार कर रहे भेड़ों के झुंड को रौंद दिया। हादसे में 24 भेड़ों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 18 गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना से पशुपालकों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है और क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है। जानकारी के अनुसार करीब 60 भेड़ों का झुंड हाईवे पार कर रहा था। तभी एटा की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए नियंत्रण खो दिया और सीधे झुंड में जा घुसा। टक्कर इतनी भीषण थी कि कई भेड़ें उछलकर दूर जा गिरीं और सड़क पर खून व शव बिखर गए। हादसे के बाद कुछ समय तक यातायात बाधित रहा। मृत और घायल भेड़ें नगला बैरागी व रतीभानपुर गांव निवासी चार भाइयों—इंद्रपाल, तेजपाल, भूदेव और केशव देव—की बताई जा रही हैं। पशुपालकों ने प्रशासन से मुआवजे और दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर यातायात सामान्य कराया। पशु चिकित्सक को बुलाकर घायल भेड़ों का उपचार शुरू कराया गया। ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page