
हाथरस 08 जनवरी । मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी IGRS जनसुनवाई – समाधान पोर्टल में आम जनता की शिकायतों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए हाथरस पुलिस ने शानदार प्रदर्शन किया है। दिसम्बर, 2025 में प्राप्त सभी शिकायतों के त्वरित निस्तारण और पोर्टल पर अपलोड के कारण हाथरस जनपद को उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा और अपर पुलिस अधीक्षक रामानन्द कुशवाहा (नोडल अधिकारी IGRS) ने जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों को निर्देशित किया था कि सभी शिकायतों का स्थल पर जाकर निस्तारण किया जाए। इसके तहत प्रतिदिन शिकायतों का समाधान घटनास्थल पर किया गया और प्रत्येक निस्तारण की फोटो व लोकेशन पोर्टल पर अपलोड की गई। IGRS फीडबैक सेल ने हर शिकायतकर्ता से सीधे संवाद कर निस्तारण की गुणवत्ता का आकलन किया। संतोषजनक निस्तारण न होने पर समय पर सुधारात्मक कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक ने सभी पुलिसकर्मियों की सराहनीय कार्यवाही की प्रशंसा की और भविष्य में भी शिकायतों के निस्तारण को त्वरित और गुणवत्तापूर्ण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। इस सफलता से हाथरस पुलिस का जनसुनवाई में जनता के प्रति जवाबदेही और पारदर्शिता का संदेश मजबूती से सामने आया है।




















