
हाथरस 07 मार्च । आज उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय के सभागार में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। इस अवसर पर शिविर कार्यालय मुरादाबाद से पधारे सहायक महाप्रबंधक जितेंद्र कुमार सिंह ने क्षेत्रीय कार्यालय के सभी विभागों के अधिकारियों तथा शाखाओं के शाखा प्रबंधकों को संबोधित किया। बैठक में क्षेत्र की सभी 56 शाखाएँ वर्चुअल माध्यम से भी सम्मिलित रहीं । कार्यक्रम के प्रारंभ में क्षेत्रीय प्रबंधक राम शरण वर्मा ने सहायक महाप्रबंधक श्री सिंह का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया तथा क्षेत्रीय कार्यालय हाथरस के अंतर्गत आने वाली शाखाओं एवं उनके कार्यों का संक्षिप्त परिचय प्रस्तुत किया । बैठक के दौरान सहायक महाप्रबंधक श्री सिंह ने क्षेत्रीय कार्यालय के विभिन्न विभागों की विस्तृत समीक्षा की तथा मार्च 2026 में बैंक के निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति हेतु सभी अधिकारियों एवं शाखा प्रबंधकों को आवश्यक मार्गदर्शन और प्रोत्साहन प्रदान किया।

इस अवसर पर शाखा मुरसान गेट हाथरस के एक ग्राहक को भवन ऋण के लिए प्रतीक स्वरूप घर की प्रतिकृति प्रदान की इसके उपरांत उत्कृष्ट कार्य प्रदर्शन करने वाली कई शाखाओं के शाखा प्रबंधकों को सम्मानित भी किया गया।उन्हें प्रशस्ति पत्र एवं ट्रॉफी प्रदान कर उनके कार्यों की सराहना की गई । साथ ही अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्वसंध्या पर बैंक तथा देश के विकास में महिलाओं के महत्वपूर्ण योगदान की प्रशंसा करते हुए बैंक में कार्यरत महिला कर्मचारियों को भी प्रशस्ति पत्र एवं स्मृतिचिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।बैठक का समापन सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बैंक के लक्ष्यों की प्राप्ति हेतु समर्पित भाव से कार्य करने के आह्वान के साथ हुआ।






































