Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 10 अप्रैल । शहर के आगरा रोड स्थित श्री रामेश्वर दास अग्रवाल कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में प्राचार्या प्रो. सुषमा यादव के दिशा-निर्देशन में ‘वार्षिकोत्सव’ का आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास और भव्यता के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी एवं विशिष्ट अतिथि सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर द्वारा मां शारदे के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलन व माल्यार्पण के साथ किया गया। इसके उपरांत छात्राओं ने सरस्वती वंदना और स्वागत गान प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया। प्राचार्या प्रो. सुषमा यादव ने अपने स्वागत संबोधन में कहा कि यह आयोजन केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि पूरे वर्ष की शैक्षणिक उपलब्धियों और शिक्षकों के समर्पण का प्रमाण है। उन्होंने छात्राओं से शिक्षा के साथ-साथ अन्य गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी कर चहुंमुखी विकास करने का आह्वान किया। इस अवसर पर अतिथियों द्वारा महाविद्यालय की वार्षिक पत्रिका ‘अभिव्यंजना’ के ‘मधुर स्मृतियां’ अंक का विमोचन भी किया गया।

समारोह के दौरान छात्राओं ने अपनी कलात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ नाटक के माध्यम से समाज को शिक्षित करने का संदेश दिया गया, वहीं रामायण पर आधारित नृत्य नाटिका और भीष्म साहनी की प्रसिद्ध कहानी ‘चीफ की दावत’ के मंचन ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। विशिष्ट अतिथि अंजुला सिंह माहौर ने गुरु की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि गुरु ही शिष्य के जीवन से अंधकार दूर कर उसे शिखर तक पहुँचाता है। मुख्य अतिथि प्रो. नवीन चंद्र लोहनी ने अपने संबोधन में वर्ष 2047 तक ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य की चर्चा करते हुए छात्राओं को नई शिक्षा नीति के अनुरूप आगे बढ़ने की शुभकामनाएं दीं। महाविद्यालय के सचिव श्री प्रदीप गोयल ने संस्थान की प्रगति आख्या प्रस्तुत की और अध्यक्ष श्री पदम नारायण अग्रवाल ने छात्राओं को मुक्त विश्वविद्यालय के विभिन्न कोर्सों के माध्यम से भविष्य उज्ज्वल बनाने हेतु प्रेरित किया।

इस भव्य समारोह में महाविद्यालय में 25 वर्ष की अनवरत सेवा पूर्ण करने पर प्रो. रंजना गुप्ता, प्रो. संगीता अरोड़ा और डॉ. शालिनी शर्मा को उनके अतुलनीय योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही पत्रिका की संपादिका प्रो. मंजू वर्मा, अंतर्राष्ट्रीय संगोष्ठी की संयोजिका श्रीमती अनामिका सिंह, डॉ. बरखा भारद्वाज, डॉ. ललितेश तिवारी और डॉ. अमित भार्गव को भी उनके सराहनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. शालिनी शर्मा ने किया और अंत में डॉ. बरखा भारद्वाज ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर पूर्व पालिका अध्यक्ष आशीष शर्मा, रवि गर्ग, राकेश बंसल, पी.पी. सिंह, प्रो. मीता कौशल सहित समस्त शिक्षक, कर्मचारी और छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page