
हाथरस 10 अप्रैल । जिलाधिकारी के निर्देशानुसार जनपद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सहायक आयुक्त खाद्य (द्वितीय) डॉ. रणधीर सिंह और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार गुप्ता के नेतृत्व में टीम ने शैक्षणिक संस्थानों के मिड-डे मील की जांच की। टीम ने रमनपुर स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय का औचक निरीक्षण किया, जहाँ बच्चों को परोसे जा रहे तैयार भोजन (कढ़ी, चावल और गेहूं की रोटी) के सर्वे नमूने संकलित किए गए। इस दौरान मौके पर मौजूद 60 छात्राओं को ‘आई.ई.सी.’ अभियान के अंतर्गत खाद्य पदार्थों में होने वाली मिलावट और उससे बचने के उपायों के प्रति जागरूक किया गया।
इसके पश्चात टीम ने हाथरस शहर के कंपोजिट विद्यालय जागेश्वर में छापेमारी की। यहाँ बच्चों को परोसी जा रही ‘तायरी’ का सर्वे नमूना जांच हेतु लिया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने यहाँ उपस्थित 70 बच्चों को मिलावट पहचानने के आसान तरीके समझाए और व्यक्तिगत स्वच्छता (हाथ धोना व सफाई) के महत्व के बारे में विस्तार से बताया। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया कि बच्चों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी स्कूलों व हॉस्टलों में निरीक्षण की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुरेंद्र कुमार गोंड मुख्य रूप से साथ रहे। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।


























