सिकंदराराऊ 19 मार्च । तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत जरेरा में गुरुवार को विशाल कुश्ती दंगल का भव्य आयोजन किया गया। अखाड़े की मिट्टी में पहलवानों के दांव-पेंच देखने के लिए क्षेत्र के हजारों कुश्ती प्रेमी उमड़ पड़े। दंगल का औपचारिक शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व एमएलसी डॉ. राकेश राना ने पहलवानों के हाथ मिलवाकर किया। दंगल कमेटी द्वारा कुल 40 रोचक कुश्तियां कराई गईं, जिसमें दिल्ली, हरियाणा और आसपास के जनपदों से आए नामी पहलवानों ने अपना दमखम दिखाया। अखाड़े का सबसे रोमांचक और मुख्य मुकाबला (फाइनल कुश्ती) अमन नंदूगढ़ी और उनके प्रतिद्वंदी के बीच हुआ। जबरदस्त जोर-आजमाइश के बाद अमन नंदूगढ़ी ने जीत हासिल की, जिन्हें कमेटी द्वारा ₹11,500 का नगद पुरस्कार प्रदान किया गया। वहीं, सूफी पराशर ने भी अखाड़े में अपनी तकनीकी कुश्ती और कला का शानदार प्रदर्शन करते हुए दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। दंगल के समापन पर कमेटी के सदस्यों ने सभी विजयी पहलवानों को पुरस्कृत किया और खेल भावना को बढ़ावा देने के लिए ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर रामहरी कौशिक, शिवशंकर कौशिक, प्रेमशंकर कौशिक, मोहित कौशिक, गौरव पचौरी, अजय शर्मा, योगेश कौशिक, नरेंद्र दीक्षित, गौरव कौशिक, पंकज कौशिक, शिव पचौरी और सोनू सविता सहित तमाम गणमान्य लोग मौजूद रहे।

























