
हाथरस 09 अप्रैल । सेवारत शिक्षकों के लिए अनिवार्य की जा रही शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) के विरोध में जनपद के शिक्षक संगठनों ने लामबंद होना शुरू कर दिया है। ‘अखिल भारतीय संयुक्त शिक्षक महासंघ’ से जुड़े विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक वसुंधरा पुरम, लहरा रोड पर आयोजित की गई, जिसमें सरकार के इस निर्णय के विरुद्ध आंदोलन की रणनीति तैयार की गई। प्रांतीय नेतृत्व के दिशा-निर्देशों के क्रम में बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी 13 अप्रैल 2026 को हाथरस की सड़कों पर शिक्षक अपना विरोध दर्ज कराएंगे। विरोध प्रदर्शन सायं 5:00 बजे अलीगढ़ रोड स्थित डॉ. बी.आर. अंबेडकर पार्क (नवग्रह मंदिर के सामने) से शुरू होकर महात्मा गांधी पार्क तिराहे तक निकाला जाएगा। इस दौरान शिक्षक बाइक रैली और मशाल जुलूस के माध्यम से अपनी आवाज बुलंद करेंगे।
शिक्षक महासंघ ने सभी सेवारत शिक्षक-शिक्षिकाओं से अपील की है कि वे इस शांतिपूर्ण और अनुशासनात्मक आंदोलन का हिस्सा बनें। संगठन ने स्पष्ट किया है कि रैली के दौरान सुरक्षा नियमों का पूर्ण पालन किया जाएगा और सभी प्रतिभागियों के लिए हेलमेट पहनना अनिवार्य होगा। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि वर्षों से सेवा दे रहे शिक्षकों पर पुनः पात्रता परीक्षा थोपना न्यायसंगत नहीं है। यह आंदोलन शिक्षकों के सम्मान और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए है। इस अवसर पर महासंघ से जुड़े विभिन्न घटक दलों के अध्यक्ष, सचिव और सक्रिय सदस्य उपस्थित रहे, जिन्होंने इस लड़ाई को निर्णायक मोड़ तक ले जाने का संकल्प लिया।






















