Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 10 अप्रैल । विश्व होम्योपैथिक दिवस के उपलक्ष्य में होम्योपैथिक विज्ञान के जन्मदाता डॉ. सैमुअल हैनीमेन का 271वां जन्मदिवस शुक्रवार, 10 अप्रैल को अलीगढ़ रोड स्थित होटल जैक डोनाल्ड में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। ‘द होम्योपैथिक मेडिकल ऑफ इंडिया’ (HMAI), हाथरस यूनिट द्वारा आयोजित इस समारोह में जिले के प्रमुख चिकित्सकों ने भाग लिया। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. अशोक चौहान (होम्योपैथिक मुख्य चिकित्सा अधिकारी, हाथरस) ने डॉ. हैनीमेन के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया। अपने संबोधन में डॉ. चौहान ने होम्योपैथिक चिकित्सा की बढ़ती लोकप्रियता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पद्धति अन्य उपचार विधियों की तुलना में काफी सस्ती और सुरक्षित है। उन्होंने बताया कि इसके कम दुष्प्रभावों के कारण ही अधिकतर परिवार इसे प्राथमिक उपचार के तौर पर अपनाते हैं। कोविड काल का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि आयुष मंत्रालय के परामर्श पर ‘आर्सेनिक एलबम’ दवा का करोड़ों लोगों ने उपयोग किया, जो इसकी सफलता का प्रमाण है। एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. राजीव लोचन उपाध्याय ने बताया कि वर्तमान में भारत में लगभग 3.50 लाख पंजीकृत डॉक्टर और 275 अस्पताल सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि होम्योपैथी ने भारत में एक मजबूत स्वास्थ्य सहायता प्रणाली का निर्माण किया है। वहीं, सचिव डॉ. राकेश गुप्ता ने जानकारी दी कि देश में करीब 9000 होम्योपैथिक औषधालय संचालित हैं, जो मरीजों को सावधानीपूर्वक और प्रभावी उपचार प्रदान कर रहे हैं। इस अवसर पर वक्ताओं ने डॉ. हैनीमेन के पदचिह्नों पर चलकर मानवता की सेवा करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page