आगरा 07 अप्रैल । शारदा वर्ल्ड स्कूल के अर्ली लर्निंग सेंटर (ELC) द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में एक अभिनव पहल करते हुए प्रथम बार सम्मान समारोह का गरिमामय एवं सफल आयोजन विद्यालय परिसर में संपन्न हुआ। इस विशेष अवसर पर उन समर्पित मेंटर्स एवं शिक्षकों को सम्मानित किया गया, जो बाल्यावस्था में नन्हे विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की सुदृढ़ नींव रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम का वातावरण अत्यंत प्रेरणादायी एवं भावनात्मक रहा, जिसमें विद्यालय परिवार ने शिक्षा के इन मूक नायकों के प्रति अपनी कृतज्ञता एवं सम्मान व्यक्त किया। मेंटर्स के अथक प्रयास, स्नेहपूर्ण मार्गदर्शन एवं अटूट प्रतिबद्धता को सराहते हुए उन्हें सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की निदेशक डॉ. गरिमा यादव ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा, “प्रारंभिक शिक्षा बालक के जीवन की आधारशिला है, और हमारे मेंटर्स अपनी संवेदनशीलता एवं समर्पण से इस नींव को सशक्त बनाते हैं। यह सम्मान उनके उत्कृष्ट योगदान के प्रति हमारी विनम्र श्रद्धांजलि है।
शारदा वर्ल्ड स्कूल – अर्ली लर्निंग सेंटर की को-फाउंडर श्रीमती प्रियंका गुप्ता ने कहा, “यह समारोह हमारे मेंटर्स के प्रति आभार व्यक्त करने का एक छोटा सा प्रयास है। उनका मार्गदर्शन ही नन्हे मनों को आत्मविश्वास, संस्कार और सीखने की दिशा प्रदान करता है। विद्यालय प्रशासन ने इस आयोजन को शिक्षा के क्षेत्र में एक सार्थक पहल बताते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम न केवल मेंटर्स का उत्साहवर्धन करते हैं, बल्कि अभिभावकों एवं शिक्षकों के मध्य संवाद एवं सहयोग को भी सुदृढ़ करते हैं। समारोह में अभिभावकों एवं अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा को और अधिक बढ़ाया। संपूर्ण आयोजन सफल, सुव्यवस्थित एवं अत्यंत सराहनीय रहा।


























