
हाथरस 16 दिसंबर । हाथरस सदर की विधायक अंजुला सिंह माहौर को भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय परिषद का सदस्य नियुक्त किया गया है। वह हाथरस जनपद से राष्ट्रीय परिषद में शामिल होने वाली एकमात्र सदस्य हैं। इस महत्वपूर्ण नियुक्ति से उनके समर्थकों और भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई है। उल्लेखनीय है कि अंजुला सिंह माहौर पूर्व में आगरा की महापौर के पद पर भी रह चुकी हैं और संगठन व प्रशासनिक कार्यों में उनका लंबा अनुभव रहा है। राष्ट्रीय परिषद की सदस्य बनाए जाने पर विधायक अंजुला सिंह माहौर ने केंद्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी द्वारा उन्हें यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है, जिसके लिए वह नेतृत्व की हृदय से आभारी हैं। उन्होंने कहा कि वह पार्टी के प्रेरणादायी नेतृत्व और राष्ट्रवादी विचारधारा के मार्गदर्शन में पूर्ण निष्ठा, समर्पण और कर्मठता के साथ कार्य करते हुए संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा जनसेवा के संकल्प को आगे बढ़ाने के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहेंगी।












