Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 08 मार्च । अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में ‘रॉयल भीम शेरनी संगठन’ और ‘सुशीला फाउंडेशन’ के संयुक्त तत्वाधान में लहरा रोड स्थित एक रिजॉर्ट में एक ‘राष्ट्रीय महिला सम्मेलन’ का आयोजन किया गया। इस भव्य कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता और उत्थान का कार्य करने वाली 121 महिलाओं को ‘सशक्त नारी गौरव सम्मान 2026’ से अलंकृत किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सुशीला फाउंडेशन की अध्यक्ष सुशीला देवी ने की। रॉयल भीम शेरनी संगठन की अध्यक्ष सुषमा सिंह ने अपने संबोधन में कहा, “महिलाओं का सम्मान और उन्हें मिलने वाले समान अवसर ही एक समृद्ध और प्रगतिशील समाज की असली पहचान हैं।” उन्होंने महिलाओं के प्रति समाज की संवेदनशीलता को राष्ट्र निर्माण के लिए अनिवार्य बताया।

सम्मेलन के दौरान शिक्षा और जागरूकता को समर्पित सर्वेश एवं महिपाल सिंह द्वारा प्रस्तुत लघु नाटक ने दर्शकों को झकझोर दिया। वहीं, वैशाली सिंह पुनियाँ, भावना, प्राची और सारिका की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चाँद लगा दिए। युवाओं की सक्रिय भागीदारी ने यह सिद्ध किया कि आने वाली पीढ़ी भी महिला सशक्तिकरण के प्रति पूरी तरह जागरूक है। इस गरिमामयी समारोह में सुनीता बौद्ध, डॉ. सुजाता वर्धन, अनुपम वर्मा मासूम, शैलजा, मीनाक्षी जैन, सुमन गौतम, ज्योति सिंह, सर्वेश, चेतन्या, मंजू पुनियाँ, माधुरी गौतम, रेखा रानी, कमलेश भारती, प्रेमलता सिंह, पुष्पलता भारती सहित 121 महिलाओं को प्रशस्ति पत्र और सम्मान चिह्न भेंट किए गए। कार्यक्रम का संयोजन जिला व्यायाम शिक्षिका सुमन एवं सह-संयोजन डॉ. सतना सिंह (जिला गाइड कैप्टन) ने किया। तकनीक सहयोग डॉ. पुष्पेंद्र सिंह एवं भुवनेश प्रताप सिंह का रहा। कार्यक्रम के अंत में संयोजकों ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page