
हाथरस 07 अप्रैल । जनपद में ‘100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान’ के तहत क्षय रोग उन्मूलन की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में सादाबाद के ग्राम बिजलपुर से उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों के लिए आयुष्मान शिविरों का शुभारंभ किया गया, जिसका उद्घाटन ग्राम प्रधान मोहम्मद साबिर अली और एसडीपीटीसी विशाल पाठक ने किया। इन शिविरों की खास बात यह है कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा राजकीय वाहन के माध्यम से अत्याधुनिक ‘हैंड हेल्ड एक्सरे मशीन’ सीधे गांवों तक पहुँचाई जा रही है। जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. प्रवीन कुमार भारती ने बताया कि जनपद के 152 गांवों और शहरी वार्डों को चिन्हित किया गया है, जहाँ संभावित मरीजों का मौके पर ही एक्सरे किया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर नाॅट मशीन से बलगम की जांच भी होगी। इन शिविरों में एक्सरे टेक्निशियन, एसटीएस और सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों की टीम द्वारा ब्लड प्रेशर, शुगर, हीमोग्लोबिन और कुपोषण (लो बीएमआई) की स्क्रीनिंग भी की जा रही है, ताकि उच्च जोखिम वाली जनसंख्या को समय रहते बेहतर उपचार मिल सके।


























