Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 03 फरवरी । अल्ट्रा रनर मयंक शर्मा का मंगलवार शाम कस्बा पहुंचने पर अधिवक्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। मयंक शर्मा ‘रन फॉर एडवोकेट्स’ नामक एक विशेष दौड़ में भाग ले रहे हैं, जिसका शुभारंभ 26 जनवरी को झांसी से हुआ था। इस दौड़ का लक्ष्य समाज में अधिवक्ताओं के योगदान, उनके संघर्ष और न्याय व्यवस्था में उनकी भूमिका के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। दी बार एसोसिएशन एंड लाइब्रेरी, मुरादाबाद द्वारा आयोजित यह ‘रन फॉर एडवोकेट्स’ दौड़ झांसी से मेरठ तक सैकड़ों किलोमीटर की दूरी तय करेगी। यह आयोजन अधिवक्ताओं के सम्मान में किया जा रहा है। सादाबाद पहुंचने पर न्यायालय परिसर में अधिवक्ताओं ने मयंक शर्मा का तालियों और फूल-मालाओं से गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान परिसर में उत्साह और गर्व का माहौल देखा गया। इस अवसर पर बार एसोसिएशन के सचिव दिग्विजय सिंह चौधरी और वरिष्ठ अधिवक्ता जेपी सिंह सहित कई अधिवक्ताओं ने मयंक शर्मा को सम्मानित किया। उन्होंने इस प्रयास को अधिवक्ता समाज के लिए प्रेरणादायक बताया और कहा कि अधिवक्ता समाज लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है, ऐसे आयोजन समाज में उनके प्रति सम्मान और जागरूकता बढ़ाते हैं। मयंक शर्मा ने अधिवक्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह दौड़ केवल एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि अधिवक्ताओं के सम्मान और उनके अधिकारों के समर्थन में एक संदेश है। उन्होंने बताया कि इस यात्रा के दौरान वे कई जिलों से गुजरेंगे और अधिवक्ताओं के साथ संवाद करेंगे। कार्यक्रम के अंत में, सभी अधिवक्ताओं ने मयंक शर्मा के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और इस अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page