
हाथरस 21 दिसंबर । हाथरस नगर स्थित ऐतिहासिक सेंट मार्क चर्च ने वर्ष 2025 में अपनी स्थापना के 100 गौरवशाली वर्ष पूर्ण कर लिए हैं। वर्ष 1925 में स्थापित यह चर्च बीते एक शताब्दी से प्रभु यीशु मसीह के प्रेम, शांति, सेवा और सामाजिक सद्भाव का संदेश समाज के हर वर्ग तक पहुँचाता आ रहा है। दिनांक 8 नवंबर 2025 को चर्च का स्थापना दिवस श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया, जिसमें कलीसिया के सदस्यों ने प्रभु का धन्यवाद करते हुए चर्च की ऐतिहासिक एवं आत्मिक यात्रा को स्मरण किया। सेंट मार्क चर्च, डायोसिस ऑफ आगरा के अंतर्गत चर्च ऑफ नॉर्थ इंडिया (CNI) से संबद्ध एक सक्रिय धार्मिक संस्था है, जो न केवल आध्यात्मिक उत्थान बल्कि समाज सेवा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। वर्तमान में चर्च की अगुवाई पादरी नथानियेल दास कर रहे हैं, जिनके मार्गदर्शन में कलीसिया सेवा, करुणा और मानवता के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ा रही है। आमद के चौथे रविवार को प्रभु यीशु मसीह के आगमन की प्रतीक्षा में चौथी मोमबत्ती जलाकर उनकी महिमा का गुणगान किया गया, जो अंधकार के बीच प्रकाश के आगमन का प्रतीक है। चर्च में क्रिसमस पर्व को लेकर सभी तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं। इस अवसर पर चर्च के द्वार सभी श्रद्धालुओं के लिए खुले रहेंगे तथा केक और कॉफी की व्यवस्था की गई है। बच्चों एवं सदस्यों के लिए 27 दिसंबर को पिकनिक और 28 दिसंबर 2025 को खेलकूद एवं मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास को प्रोत्साहन मिलेगा। सेंट मार्क चर्च द्वारा यह भी निर्णय लिया गया है कि जो लोग आर्थिक कठिनाइयों के कारण क्रिसमस नहीं मना पाते, उन्हें आवश्यक वस्तुएँ उपलब्ध कराई जाएँगी। यह पहल प्रभु यीशु मसीह के प्रेम और करुणा के संदेश को व्यवहार में उतारने का सशक्त उदाहरण है। इस अवसर पर पादरी नथानियेल दास एवं पी.सी. सेक्रेटरी श्री अनुरोध लाल द्वारा हाथरस नगर व देशवासियों के लिए क्रिसमस का विशेष संदेश दिया गया। संदेश में कहा गया कि क्रिसमस प्रेम, शांति, क्षमा और आशा का पर्व है, जो आज के तनावपूर्ण समय में भाईचारा, सहनशीलता और एकता बनाए रखने की प्रेरणा देता है। साथ ही सभी से आग्रह किया गया कि धर्म, जाति और भाषा से ऊपर उठकर मानवता, सेवा और करुणा के मूल्यों को अपनाएँ। सेंट मार्क चर्च, हाथरस आने वाले समय में भी आस्था, सेवा और सामाजिक समरसता का प्रकाश फैलाता रहेगा।














