Hamara Hathras

Latest News

सिकंदराराऊ 21 मार्च । विकासखंड क्षेत्र में शनिवार को ईद-उल-फितर का त्योहार अभूतपूर्व हर्षोल्लास और सांप्रदायिक सौहार्द के बीच मनाया गया। नगर की मुख्य ईदगाह और मस्जिदों में सुबह से ही अकीदतमंदों का सैलाब उमड़ पड़ा। कड़े सुरक्षा घेरे और प्रशासनिक अनुशासन के बीच हजारों लोगों ने एक साथ सफों में खड़े होकर खुदा की बारगाह में सिर झुकाया और मुल्क की खुशहाली व तरक्की के लिए सामूहिक दुआएं मांगीं। इस बार नगर में गंगा-जमुनी तहजीब का एक बेहद खूबसूरत नजारा देखने को मिला। ईदगाह के रास्ते में स्थित यादव मार्केट में हिंदू भाइयों ने अपनी छतों से नमाज पढ़कर लौट रहे मुस्लिम भाइयों पर जमकर पुष्पवर्षा की। फूलों की इस वर्षा ने आपसी प्रेम और सामाजिक समरसता का ऐसा संदेश दिया, जिसकी पूरे जनपद में सराहना हो रही है। प्रशासन के निर्देशानुसार सड़क पर नमाज अदा नहीं की गई और पुलिस ने बैरिकेडिंग कर यातायात व सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखा। इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक रामानंद कुशवाहा, एसडीएम, सीओ और कोतवाली प्रभारी सहित भारी पुलिस बल मुस्तैद रहा। राजनीति और समाज सेवा से जुड़े दिग्गजों ने भी ईदगाह पहुंचकर गले मिलकर मुबारकबाद दी। इनमें प्रमुख रूप से पालिका अध्यक्ष मुशीर कुरैशी, सपा नेता राकेश बघेल, महेंद्र सिंह सोलंकी, बबलू यादव, विजेंद्र जाटव, राकेश सिंह राना, इकराम कुरैशी, बनी सिंह बघेल, डॉ. ललित बघेल, हाजी मोहम्मद उमर कुरैशी और फैजान सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। मुस्लिम इंतजामिया कमेटी ने शांतिपूर्ण आयोजन के लिए पुलिस-प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page