
हाथरस 02 अक्टूबर । राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 156वीं जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की 121वीं जयंती के अवसर पर सोमवार प्रातः 9 बजे कलेक्ट्रेट मुख्यालय पर जिलाधिकारी चैम्बर के सामने कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय ने की। इस अवसर पर जिलाधिकारी सहित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री जी के छवि चित्रों पर पुष्प अर्पित कर नमन किया। “रघुपति राघव राजा राम” भजन गुनगुनाकर राष्ट्रनायकों को याद किया गया। जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा का मार्ग दिखाया तथा लाल बहादुर शास्त्री ने सादगीपूर्ण जीवन का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जब तक हम अपने आचरण और कार्यक्षेत्र में उच्च मूल्यों को नहीं अपनाएँगे, तब तक विकसित भारत का निर्माण संभव नहीं है। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि सभी अपने कर्तव्यों का निष्ठा व जिम्मेदारी से निर्वहन करें, यही महापुरुषों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वि/रा डॉ. बसंत अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रकाश चन्द्र, प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट प्रज्ञा यादव, जिला पूर्ति अधिकारी ध्रुवराज यादव, अधिवक्ता प्रेम सिंह यादव सहित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने महापुरुषों के जीवन और सिद्धांतों पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन सचेन्द्र उपाध्याय ने किया। समारोह में प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट धर्मेन्द्र सिंह, वरिष्ठ कोषाधिकारी, जिला आबकारी अधिकारी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, ईडीएम मनोज उपाध्याय, नाजिर सदर सुनील गौतम सहित कलेक्ट्रेट परिवार के अनेक अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।












