
हाथरस 13 मार्च। रबी विपणन वर्ष 2026-27 में न्यूनतम समर्थन मूल्य योजना के अंतर्गत गेहूं खरीद और क्रय केंद्रों पर व्यवस्थाओं को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अतुल वत्स की अध्यक्षता में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में जिला खाद्य विपणन अधिकारी कमला प्रसाद यादव ने बताया कि जनपद में 17 मार्च 2026 से गेहूं खरीद शुरू होगी, जो 15 जून 2026 तक चलेगी। गेहूं खरीद के लिए जनपद में कुल 43 क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं। इनमें खाद्य विभाग के 7, पीसीएफ के 34 और भारतीय खाद्य निगम के 2 केंद्र शामिल हैं। तहसीलवार केंद्रों में हाथरस में 11, सादाबाद में 9, सिकंद्राराऊ में 18 और सासनी में 5 क्रय केंद्र संचालित किए जाएंगे।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी क्रय केंद्र निर्धारित स्थानों पर ही लगाए जाएं और उनका व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक किसान लाभान्वित हो सकें। उन्होंने कहा कि सभी केंद्रों पर ई-पॉप मशीन, इलेक्ट्रॉनिक कांटा, नमी मापक यंत्र, छलना, विनोइंग फैन और पावर डस्टर सहित आवश्यक उपकरण तथा स्टॉक रजिस्टर, टोकन रजिस्टर, क्रय पंजिका और निरीक्षण पंजिका जैसे अभिलेख उपलब्ध होने चाहिए। निरीक्षण के दौरान यदि कोई कमी पाई गई तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने केंद्र प्रभारियों को अधिक से अधिक किसानों का पंजीकरण कराने और प्रतिदिन क्रय केंद्रवार प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि कोई किसान बिना पंजीकरण के गेहूं बेचने आता है तो उसका तुरंत पंजीकरण कराकर सत्यापन के बाद खरीद सुनिश्चित की जाए। जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने बताया कि इस वर्ष गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2585 रुपये प्रति कुंतल निर्धारित किया गया है, जो पिछले वर्ष के 2425 रुपये प्रति कुंतल से 160 रुपये अधिक है। किसान गेहूं विक्रय के लिए खाद्य विभाग की वेबसाइट fcs.up.gov.in या किसान मित्र ऐप पर पंजीकरण करा सकते हैं। विक्रय के समय पंजीकरण प्रपत्र के साथ आधार कार्ड और खतौनी की प्रति लाना अनिवार्य होगा तथा आधार को बैंक खाते से लिंक और एनपीसीआई से मैप्ड होना जरूरी है। उन्होंने बताया कि अभी तक 115 किसानों का पंजीकरण हो चुका है और मंडियों में नए गेहूं की आवक शुरू नहीं हुई है। अधिक जानकारी के लिए किसान जिला खाद्य विपणन अधिकारी के मोबाइल नंबर 7054651996 या कंट्रोल रूम में नामित कर्मचारियों से संपर्क कर सकते हैं। कार्यशाला में प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट, मंडी समिति के सचिव, जिला प्रबंधक पीसीएफ, एडीसीओ हाथरस और सादाबाद सहित सभी गेहूं क्रय केंद्र प्रभारी उपस्थित रहे।

























