
हाथरस 15 मार्च । हाथरस गेट कोतवाली क्षेत्र के चिंतापुर गांव में आज दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब खेत में काम कर रहे ग्रामीणों पर मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले में करीब 8 से 10 महिला-पुरुष मजदूर घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर करीब 3 बजे गांव चिंतापुर में कुछ महिला और पुरुष मजदूर सरसों के खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान पास के एक पेड़ पर लगा मधुमक्खियों का छत्ता अचानक टूटकर नीचे गिर गया। छत्ता गिरते ही मधुमक्खियों का झुंड आक्रामक हो गया और खेत में मौजूद ग्रामीणों पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से खेत में अफरा-तफरी मच गई। जान बचाने के लिए मजदूर इधर-उधर भागते नजर आए, लेकिन तब तक कई लोग मधुमक्खियों के डंक का शिकार हो चुके थे। हमले में कुछ घरेलू पशु भी घायल हो गए, जिन्हें मधुमक्खियों ने नहीं छोड़ा। घटना की सूचना मिलने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को तुरंत जिला अस्पताल हाथरस पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका उपचार शुरू किया। डॉक्टरों ने दो घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया, जबकि अन्य घायलों का उपचार जिला अस्पताल में जारी है। इस घटना के बाद गांव में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया।

























