
हाथरस 13 अप्रैल । शहर के मोहल्ला नबीपुर खुर्द में सोमवार दोपहर एक ऐसा हादसा हुआ जिसने हर किसी की आंखें नम कर दीं। स्कूल से घर लौट रही कक्षा 10 की एक छात्रा की अपनी ही चुनरी के कारण जान चली गई। बाइक के पिछले पहिए में चुनरी फंसने से छात्रा सड़क पर गिर गई और गंभीर चोटों के चलते उसकी मृत्यु हो गई। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है और मोहल्ले में मातम पसरा है। मिली जानकारी के अनुसार, नबीपुर खुर्द निवासी संजय की पुत्री काजल (15 वर्ष), जो शहर के आदर्श इंटर कॉलेज में 10वीं की छात्रा थी, सोमवार दोपहर छुट्टी के बाद बाइक से घर लौट रही थी। काजल के पैर में पहले से चोट थी, इसलिए वह बाइक पर सावधानी से बैठी थी। तभी रास्ते में अचानक उसकी चुनरी बाइक के पिछले पहिए में उलझ गई। चुनरी का फंदा गले में कसने के कारण काजल असंतुलित होकर सड़क पर गिर पड़ी, जिससे उसकी गर्दन और शरीर के अन्य हिस्सों में जानलेवा चोटें आईं।
स्वजन और स्थानीय लोग उसे आनन-फानन में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहाँ चिकित्सक ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। छात्रा की मौत की खबर मिलते ही मां और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता संजय, जो बोरी वारदाना का कार्य करते हैं, अपनी होनहार बेटी के खोने के गम में टूट गए हैं। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। काजल पढ़ाई में काफी होशियार थी और उसका भविष्य को लेकर बड़ा सपना था, जो इस दुखद हादसे के साथ अधूरा रह गया।

























