
हाथरस 13 अप्रैल । ब्राह्मण महासभा के बैनर तले समाज के प्रतिनिधियों ने आज हाथरस सदर विधायक अंजुला माहौर से मुलाकात कर एक मांग पत्र सौंपा। इस पत्र के माध्यम से समाज ने अपनी आस्था के केंद्र भगवान श्री परशुराम जी की भव्य प्रतिमा को विधायक निधि से स्थापित कराने की मांग रखी है। समाज के प्रतिनिधियों ने इसके लिए दो प्रमुख स्थानों का प्रस्ताव भी विधायक के समक्ष रखा है, जिसमें इगलास-हाथरस बाईपास चौराहा अथवा रूहेरी-आगरा-अलीगढ़ पुल के निकट तिराहा शामिल है। ज्ञापन में स्पष्ट किया गया है कि यदि किन्हीं तकनीकी कारणों से विधायक निधि द्वारा प्रतिमा लगवाना संभव न हो, तो प्रशासन और शासन स्तर से समाज को स्वयं के सहयोग से प्रतिमा स्थापित करने की अनुमति दिलाई जाए। ब्राह्मण समाज का कहना है कि भगवान परशुराम जी की प्रतिमा की स्थापना से संपूर्ण समाज गौरवान्वित महसूस करेगा। विधायक अंजुला माहौर ने पत्र को संज्ञान में लेते हुए इस पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया है। इस दौरान महासभा के कई प्रमुख पदाधिकारी और ब्राह्मण समाज के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।





















