
हाथरस 13 अप्रैल । बागला कॉलेज के प्राणी विज्ञान विभाग द्वारा ‘सस्टेनेबल डेवलपमेंट एंड पब्लिक हेल्थ’ विषय पर एक दिवसीय राष्ट्रीय सेमिनार का भव्य आयोजन किया गया। मुख्य संरक्षक व प्राचार्य प्रो. डॉ. महावीर सिंह छोंकर एवं मुख्य अतिथि डॉ. सुरेंद्र सिंह भगौर द्वारा दीप प्रज्वलन व सरस्वती वन्दना के साथ कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ हुआ। सेमिनार के दौरान मुख्य अतिथि डॉ. भगौर ने जनस्वास्थ्य और पर्यावरण संतुलन की अनिवार्यता पर जोर देते हुए युवाओं को वैज्ञानिक सोच विकसित करने के लिए प्रेरित किया। विशिष्ट अतिथि प्रो. (कैप्टन) स्वतेंद्र सिंह, डॉ. राकेश चौधरी और डॉ. मनीष कुमार ने भी अनुशासन, जैव विविधता और सामाजिक जागरूकता के विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार रखे। इस अवसर पर कार्यक्रम संयोजक प्रो. के.एन. त्रिपाठी व डॉ. हरिओम सारस्वत ने सेमिनार की रूपरेखा स्पष्ट की, जबकि आयोजन सचिव डॉ. राहुल खिरवार ने अतिथियों का परिचय प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण इग्नू (IGNOU) के बी.ए. इकोनॉमिक्स ऑनर्स के छात्र विपुल सिंह का सम्मान रहा, जिन्हें भारत के उपराष्ट्रपति द्वारा स्वर्ण पदक प्राप्त करने की ऐतिहासिक उपलब्धि पर कॉलेज प्रबंधन द्वारा सम्मानित किया गया। इस भावुक और गौरवपूर्ण क्षण में उनके पिता पुलिस इंस्पेक्टर सुरेंद्र पाल सिंह व माता श्रीमती अवधेश यादव भी मौजूद रहीं। आयोजन सचिव डॉ. महेश चन्द्र के कुशल समन्वय और सक्रिय प्रयासों से संचालित इस सेमिनार में छात्र-छात्राओं ने मौखिक व पोस्टर प्रस्तुतियां भी दीं, जिनमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तीन प्रतिभागियों को ‘बेस्ट प्रेजेंटेशन अवार्ड’ से नवाजा गया। प्राचार्य प्रो. महावीर सिंह छोंकर ने अपने संबोधन में कॉलेज की शैक्षणिक गुणवत्ता और शोध कार्यों की सराहना की। अंत में आयोजन सचिव डॉ. महेश चन्द्र द्वारा सभी अतिथियों व प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करने के साथ ही इस प्रेरणादायक सेमिनार का सफल समापन हुआ।


























